रामलीला कमेटी विवाद पर तहसीलदार हुए रिसीवर नियुक्त
😊 Please Share This News 😊
|
रामनगर। रामनगर के पैठपड़ाव में पिछले 50 साल से रामलीला मंचन करा रही प्रगतिशील सांस्कृतिक पर्वतीय समिति के विवाद पर सोमवार को प्रशासन ने रिसीवर नियुक्त किया है। एसडीएम कोर्ट ने सुनवाई के बाद तहसीलदार को रिसीवर नियुक्त किया है। ज्ञात रहे, प्रगतिशील सांस्कृतिक पर्वतीय समिति में वर्ष 2022 में हुए चुनाव के बाद से विवाद चल रहा है। 2022 में अध्यक्ष चुने गए गिरीश मठपाल के निर्वाचन को समिति के दूसरे गुट ने चिट फंड सोसायटी हल्द्वानी में चुनौती दी थी। मामला न सुलझ पाने पर चिट फंड सोसायटी ने इसे उपजिलाधिकारी रामनगर की न्यायालय में दर्ज कराया। सोमवार को सुनवाई के दौरान अध्यक्ष गिरीश मठपाल ने शपथ देकर बताया कि प्रकरण के निस्तारण के बाद समिति अगली गतिविधि संचालित करें। उन्होंने समिति में विभिन्न समारोह के किराये आदि की एवज में ली गई रकम, जो समिति के खाते में जमा होनी थी, एक सदस्य से वसूलने की मांग की। उन्होंने बताया कि दूसरे गुट ने चौकीदार की मदद से समिति के ताले खोलकर वहां असंवैधानिक गतिविधियां चलाई हैं। उन्होंने विवाद के निस्तारण तक रिसीवर नियुक्त करने की मांग की। दूसरे पक्ष से सुमित लोहनी और पांच अन्य सदस्यों ने विवाद के निपटारे तक समिति के दैनिक खर्चों और गतिविधियों के लिए रिसीवर नियुक्त करने की मांग की।
दोनों पक्षों की रिसीवर की मांग को देखते हुए एसडीएम कोर्ट ने तहसीलदार कुलदीप पांडेय को रिसीवर नियुक्त किया है। रिसीवर दोनों पक्षों से पांच पांच सदस्यों का प्रस्ताव लेकर अंतरिम समिति गठित कर सकते हैं। इसमें समिति से इतर भी गणमान्यों को शामिल किया जा सकता है। अंतरिम समिति को वित्तीय और प्रशानिक अधिकार नहीं होंगे, ये अधिकार रिसीवर में निहित होंगे।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |