ट्रंचिंग ग्राउंड की जमीन के सीमांकन को लेकर हंगामा
😊 Please Share This News 😊
|
रामनगर। वनग्राम पूछड़ी क्षेत्र में नगरपालिका को ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए हस्तांतरित वन भूमि का सीमांकन करने पहुंचे वन विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों का ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। कई ग्रामीण जेसीबी के आगे बैठक गए। हालांकि बाद में अधिकारियों के उचित कार्रवाई का आश्वासन देने पर लोग शांत हो गए।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या ने बताया कि वन विभाग ने नगर पालिका को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट के लिए 9550 वर्ग मीटर भूमि लीज पर हस्तांतरित की है। इस भूमि का सीमांकन करने के लिए बुधवार को वन विभाग, नगर पालिका के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। भूमि के कुछ हिस्से में अन्य लोगों का कब्जा मिला। भूमि खाली करने की बात पर ग्रामीण भड़क गए और वन विभाग और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अधिकारियों के किसी का घर न तोड़ने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
एसडीएम राहुल शाह ने कहा कि ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए नगर पालिका ने 9550 वर्ग मीटर भूमि की लीज की धनराशि वन विभाग को दे दी है। अभी भूमि पर नगर पालिका को कब्जा नहीं मिला है। उक्त भूमि पर कब्जा हटाकर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का कार्य शुरू कराया जाएगा।
29 को पूछड़ी में महापंचायत
रामनगर। संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से वन ग्रामों में रह रहे लोगों की बेदखली के नोटिसों के खिलाफ गुरुवार 29 अगस्त को वन ग्राम पूछड़ी के रामलीला मैदान में महापंचायत बुलाई है। बुधवार को पूछड़ी कालू सिद्ध में रैली निकाल कर समिति पदाधिकारियों ने जनता से पंचायत में भागीदारी का आह्वान किया। पूछड़ी में सभा भी गई। महापंचायत में शामिल होने के लिए भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता अवतार सिंह, अध्यक्ष बल्ली सिंह चीमा, प्रदेश अध्यक्ष बलजिंदर सिंह मान, भाकपा माले नेता इंद्रेश मैखुरी, उपपा अध्यक्ष पीसी तिवारी, वन पंचायत संघर्ष मोर्चा के तरूण जोशी, इंटक यूनियन के अध्यक्ष दिलजीत सिंह, संयुक्त किसान मोर्चा के जगतार सिंह बाजवा, वन गूजर नेता मौ आमिर, इसहाक हुसैन, संयुक्त श्रमिक मोर्चा ऊधम सिंह नगर के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, क्रालोस के अध्यक्ष पीपी आर्य आदि ने स्वीकृति प्रदान की है।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |